ऑपरेशन सिंदूर के बाद ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल में दुनिया भर की दिलचस्पी बढ़ी है। इसी क्रम में फिलीपींस भारत के साथ एक बड़ा रक्षा सौदा करने की तैयारी में है, जिसमें ब्रह्मोस के अलावा कई अन्य हथियार सिस्टम शामिल हो सकते हैं।

फर्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलीपींस अपनी सेना के लिए ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम की कम से कम छह अतिरिक्त बैटरी खरीदने पर विचार कर रहा है। इसके अलावा वह भारत से आकाश एयर डिफेंस सिस्टम की पांच से अधिक रेजिमेंट और पिनाका रॉकेट लॉन्चर खरीदने की भी योजना बना रहा है। दोनों देशों के बीच हेलीकॉप्टर और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग को लेकर भी बातचीत चल रही है।

फिलीपींस के रक्षा अधिकारियों को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आकाश सिस्टम के प्रदर्शन और इसे अन्य एयर डिफेंस सिस्टम के साथ जोड़ने की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई है। हालांकि, माना जा रहा है कि फिलीपींस की वायुसेना लंबी दूरी तक मार करने वाले एयर डिफेंस सिस्टम में अधिक दिलचस्पी दिखा रही है। भारत ने फिलीपींस को अपने नौसेना के युद्धपोतों पर ब्रह्मोस मिसाइल लगाने का प्रस्ताव भी दिया है, क्योंकि फिलीपींस ने जमीन से दागे जाने वाले लॉन्चर के भारी वजन और वहां की ऊबड़-खाबड़ सड़कों को लेकर चिंता जताई है। इस प्रस्ताव पर फिलीपींस ने अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, क्योंकि उसके युद्धपोतों में पहले से अमेरिका और अन्य देशों के हथियार लगे हैं।

बातचीत में भुगतान की शर्तें एक बड़ा मुद्दा बनी हुई हैं। फिलीपींस भारी खर्च को देखते हुए भुगतान के लिए आसान व्यवस्था चाहता है। साथ ही यह सवाल भी है कि क्या वह इन हथियारों की खरीद के लिए भारत की ओर से दिए जाने वाले लाइन ऑफ क्रेडिट का इस्तेमाल कर सकता है। जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस में रक्षा सौदों के लिए विदेशों से कर्ज लेने पर कुछ पाबंदियां हैं, जिससे भुगतान और पैसे के इंतजाम का तरीका चर्चा का केंद्र बना हुआ है।