नई दिल्ली: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होने वाले एसीसी अंडर-19 विमेंस एशिया कप के लिए भारतीय टीम की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज भाविका अहिरे को सौंपी गई है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें अनादि तागड़े को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में भाविका के अलावा श्रेया एस. चव्हाण को विशेषज्ञ विकेटकीपर के रूप में शामिल किया गया है।

टीम की अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में दीया यादव, इरा जाधव, ईश्वरी अवसरे, समायरा राघव और उमा काश्वी शामिल हैं। इस साल की शुरुआत में भाविका की कप्तानी में ही भारत ने चेन्नई और पुडुचेरी में श्रीलंका के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज जीती थी। वह फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी कर रही हैं, जहां भारत ने वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में दूसरा मैच 106 रनों से जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज के सभी पांच मुकाबले वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में ही खेले जाएंगे।

भारत इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतर रहा है। साल 2023 में मलेशिया में खेले गए पहले अंडर-19 महिला एशिया कप का खिताब भारत ने ही जीता था। उस जीत के दौरान निक्की प्रसाद की कप्तानी वाली टीम में भाविका और ईश्वरी भी शामिल थीं। यह एशिया कप जनवरी-फरवरी 2027 में होने वाले आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप की राह में एक अहम पड़ाव है। उल्लेखनीय है कि जारी सूचना में आगामी टूर्नामेंट की तारीखों या शेड्यूल का जिक्र नहीं किया गया है।

एशिया कप के लिए भारत की अंडर-19 टीम: भाविका अहिरे (कप्तान/विकेटकीपर), अनादि तागड़े (उपकप्तान), इरा जाधव, निधि महतो, पूर्वा सिवाच, महक नरवासे, मैत्री मनियार, ईश्वरी अवसरे, दीया यादव, श्रेया एस चव्हाण (विकेटकीपर), समायरा राघव, कुमारी पलक, उमा काशवी, अक्साह परमार और पलक सिंह।