ईरान में मौत की सज़ा का सामना कर रही महिलाओं ने जेल से मदद की गुहार लगाई है। तारानेह रहीमी नामक 21 वर्षीय युवती को मौत की सज़ा सुनाई गई है। उनके कज़िन मसूद नूरमोहम्मदी ने बताया कि हाल के हफ़्तों में पिटाई के कारण तारानेह ठीक से चल नहीं पा रही हैं और सिर की चोट का इलाज न होने से हुए कान के इन्फ़ेक्शन ने उनके शरीर का संतुलन बिगाड़ दिया है। उनका कहना है कि तारानेह "हिम्मत बनाए हुए हैं" लेकिन "कुछ दिन ऐसे भी होते हैं जब वह रो पड़ती हैं।"
नूरमोहम्मदी के मुताबिक़, जनवरी में देश भर में हुए सरकार-विरोधी प्रदर्शनों में शामिल होने के बाद तारानेह और उनकी जुड़वां बहन रोमिना को गिरफ़्तार किया गया था। अमेरिका से बात करते हुए उन्होंने बताया कि जब जुड़वां बहनों की मां ने जेल में उन्हें पहली बार देखा, तो उनका चेहरा बुरी तरह सूजा हुआ था और उन पर काफ़ी चोटें थीं। उनके बाल भी नोच लिए गए थे, जिससे वह उन्हें सिर्फ़ उनकी आवाज़ से ही पहचान पाईं। उनका कहना है कि पूछताछ करने वालों ने ये धमकी दी थी कि उनकी बहन के साथ उनके सामने ही रेप किया जाएगा, जिसके बाद तारानेह ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कागज़ पर दस्तख़त कर दिए।
ईरान के लिए यूएन की मानवाधिकार रिपोर्टर माई सातो के मुताबिक़, तारानेह उन छह महिलाओं में से एक हैं जिन्हें इस साल जनवरी के विरोध-प्रदर्शनों के सिलसिले में मौत की सज़ा सुनाई गई है। एमनेस्टी इंटरनेशनल की ईरान रिसर्चर राहा बहरीनी का कहना है कि राजनीतिक कारणों से दी जाने वाली मौत की सज़ाओं में "भयानक बढ़ोतरी" हुई है। लंदन में ईरान के दूतावास ने बताया कि विरोध-प्रदर्शन से जुड़े मामलों में मौत की सज़ा के इस्तेमाल में बढ़ोतरी के दावे "गुमराह करने वाले" हैं। इसने यातना देने के आरोपों को पूरी तरह से ख़ारिज कर दिया और कहा कि "जनवरी 2026 के दंगे" के सिलसिले में मौत की सज़ा उन मामलों में सुनाई गई जिनमें "जान-बूझकर हत्या" या "मोहारेबेह" शामिल था।
नूरमोहम्मदी का कहना है कि इन बहनों को जनवरी के आख़िर में पकड़ा गया था, जो दिसंबर के आख़िर में आर्थिक दिक्कतों की शिकायतों को लेकर शुरू हुए विरोध-प्रदर्शनों के ख़त्म होने के दो हफ़्ते बाद की बात है। अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी (एचआरएएनए) का कहना है कि उसने बाद में हुई कार्रवाई में मारे गए 7,000 से ज़्यादा लोगों की पहचान की है, जिनमें ज़्यादातर प्रदर्शनकारी थे, लेकिन उसका मानना है कि असल संख्या इससे कहीं ज़्यादा है। ईरान की सरकार अशांति फैलाने के लिए अमेरिका और इसराइल पर आरोप लगाती है और मौतों के लिए "आतंकवादियों" और "दंगाइयों" को ज़िम्मेदार ठहराती है। सरकार के मुताबिक़, इनमें मरने वालों की कुल संख्या 3,117 थी, जिसमें सुरक्षा बलों के कुछ सदस्य भी शामिल थे।
