विदेश मंत्री एस जयशंकर ने टोक्यो में रायसीना टोक्यो डायलॉग्स के तीसरे संस्करण में भारत के साथ जुड़ने को इच्छुक जापानी नागरिकों को पांच सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि इन बातों का ध्यान रखने से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे।
जयशंकर ने कहा कि भारत में 2014 के बाद बड़े बदलाव हुए हैं, जिससे यहां व्यापार करना आसान हो गया है। हाईवे, पोर्ट, एयरपोर्ट, रेलवे और ऊर्जा क्षेत्र में यह बदलाव दिखता है। उन्होंने कहा कि भारत को लेकर पुरानी धारणाएं छोड़कर नई तस्वीर को समझना जरूरी है। उनके मुताबिक, बेहतर बुनियादी ढांचे की वजह से भारत वैश्विक बाजार के लिए उत्पादन का बड़ा केंद्र बन गया है और जापानी कंपनियों को यहां के विशाल घरेलू बाजार का फायदा भी मिल रहा है।
विदेश मंत्री ने भारत की स्टार्टअप और नवाचार संस्कृति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में शिक्षण संस्थानों की संख्या लगभग दोगुनी हुई है और कौशल विकास पर काम हो रहा है। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को भविष्य पर केंद्रित बताते हुए उन्नत मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिजों, आईसीटी, स्वच्छ ऊर्जा और फार्मास्यूटिकल्स में सहयोग की संभावनाएं गिनाईं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में भारतीयों की रुचि का जिक्र करते हुए उन्होंने जापानी कंपनियों से इस पर ध्यान देने को कहा।
रक्षा क्षेत्र में सहयोग पर जोर देते हुए जयशंकर ने कहा कि आत्मनिर्भरता और भरोसेमंद साझेदारियों से सुरक्षा बेहतर हो सकती है। इसके लिए ऐसी नीतियां और ढांचे बनाने होंगे जो दोनों देशों को करीब से काम करने में सक्षम बनाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कृति और भाषा के क्षेत्र में आपसी आदान-प्रदान बढ़ाकर लोगों को जोड़ने के प्रयास होने चाहिए। टोक्यो में आयोजित यह कार्यक्रम नई दिल्ली के रायसीना डायलॉग्स का अंतरराष्ट्रीय विस्तार है, जिसमें दोनों देशों के रक्षा और विदेश मंत्री भाग ले रहे हैं।
