रांची में झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन और गठबंधन सरकार के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर खेलगांव में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि 2050 तक झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है, जिसके लिए विकास की रफ्तार तेज की जाएगी। इस मौके पर लगभग 9,000 करोड़ की लागत वाली 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 साल का यह युवा झारखंड संघर्ष और कई उतार-चढ़ाव के बाद इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि राज्य ने खनिज संपदा से देश और दुनिया को समृद्ध किया, लेकिन आदिवासी और मूलवासी हक-अधिकार और विकास की दौड़ में पीछे रहे। अब नई पीढ़ी को यह पिछड़ापन दूर कर झारखंड को अग्रणी राज्यों में खड़ा करने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत, गरीबी और शिक्षा के स्तर को समझकर योजनाएं बनाई जा रही हैं।

सीएम सोरेन ने कहा कि सरकार महिला सशक्तीकरण, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, विद्यालयों के उन्नयन, छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार भोजन उपलब्ध कराएगी, ताकि वे भोजन की चिंता के बिना पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें। उन्होंने कहा कि राज्य महिलाओं को सम्मान राशि देकर आर्थिक रूप से सशक्त बना रहा है और 50 लाख से अधिक परिवारों तक 10-10 हजार रुपये की राशि पहुंची है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का युवा वर्ग समृद्ध झारखंड निर्माण का आधार है और खेल, कला, संस्कृति तथा शिक्षा में युवाओं की अपार संभावनाएं हैं। समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को झारखंड मुख्यमंत्री पदक से अलंकृत किया गया, जबकि विभिन्न जिलों के अधिकारियों, कर्मियों, खिलाड़ियों और कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया।