झारखंड के दुमका जिले के रहने वाले 15 वर्षीय एमानुएल किस्कू ने तमिलनाडु के चेन्नई में 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। शिकारीपाड़ा प्रखंड के मलूटी पंचायत के चांदपुर गांव निवासी एमानुएल किसान कालेब किस्कू के बेटे हैं। उन्होंने हिट मुकाबले में 10.17 सेकेंड का समय निकालकर बिहार के रोहित राज का 10.28 सेकेंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड पीछे छोड़ा, जो रोहित ने 11 अक्टूबर 2025 को भुवनेश्वर में 40वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाया था। फाइनल में एमानुएल ने 10.10 सेकेंड का समय निकालकर अपना प्रदर्शन और बेहतर किया और झारखंड को प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण दिलाया।

एमानुएल की खेल यात्रा गांव में बच्चों के साथ फुटबाल खेलने से शुरू हुई। करीब 11 वर्ष की उम्र में उनके बड़े पापा और पूर्व मुखिया जैकब किस्कू ने उनकी प्रतिभा पहचानी और खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनकी प्रेरणा से एमानुएल दुमका में आयोजित आउटडोर ट्रायल में शामिल हुए, जहां देवघर में पदस्थापित रहे दारोगा मनोज मुर्मू का भी सहयोग मिला। चयन के बाद झारखंड सरकार के खेल विभाग की ओर से साहिबगंज के सिदो-कान्हु स्टेडियम स्थित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र में उनका चयन हुआ और करीब चार वर्षों से वह वहीं रहकर प्रशिक्षण ले रहे हैं। वर्तमान में वह प्लस टू इंटर स्कूल साहिबगंज में नौवीं कक्षा के छात्र हैं और कोच योगेश यादव के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर अपनी तकनीक और शारीरिक क्षमता को निखार रहे हैं।

एमानुएल की सफलता के पीछे आर्थिक अभावों से जूझने की कहानी भी है। किसान पिता कालेब किस्कू के परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है और अच्छे रनिंग शूज तथा जरूरी खेल सामग्री जुटाना चुनौती था। कई बार प्रशिक्षण के दौरान जरूरत पड़ने पर एमानुएल को घर से पैसे मंगवाने पड़ते थे, लेकिन माता-पिता ने आर्थिक तंगी के कारण कभी उनके सपनों को रुकने नहीं दिया। राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि के बाद अब उन्हें मददगारों का सहयोग भी मिल रहा है। दुमका के सांसद नलिन सोरेन और जिला परिषद अध्यक्ष जोयेस बेसरा ने शिवतल्ला स्थित आवास पर एमानुएल को सम्मानित किया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। शिकारीपाड़ा के विधायक आलोक कुमार सोरेन ने कहा कि चांदपुर गांव के एमानुएल ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और सुविधाएं देने की है, और एमानुएल को खेल सामग्री, प्रशिक्षण तथा अन्य जरूरी संसाधनों के लिए यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण जीतने के बाद एमानुएल का अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करना है और उनका सपना ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतना है।