रांची में शनिवार शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर JMM सांसदों की अहम बैठक हुई। बैठक के बाद दुमका के सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि अगर परिसीमन से झारखंड में आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटें बढ़ती हैं तो पार्टी परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का साथ देगी। हालांकि पार्टी ने अभी बिल के प्रारूप पर अध्ययन की बात कही है और स्पष्ट रुख नहीं अपनाया है।
नलिन सोरेन ने पत्रकारों से कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी के अन्य नेता अध्ययन कर रहे हैं। सभी पहलुओं पर विचार के बाद, आदिवासियों के लिए आरक्षित लोकसभा और विधानसभा सीटें बढ़ने की स्थिति में बिल पर साथ दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द इस संबंध में फैसला ले लिया जाएगा।
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने बताया कि पार्टी को संसद में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक की कॉपी मिल गई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन इस विषय पर संवैधानिक और कानूनी विशेषज्ञों की राय लेंगे और विधेयक के हर पहलू पर गहन अध्ययन के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
लोकसभा में JMM के तीन सांसद नलिन सोरेन, विजय हांसदा और जोबा मांझी तथा राज्यसभा में महुआ माजी, सरफराज अहमद और बैजनाथ राम हैं। पार्टी नेताओं ने साफ किया है कि परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर झारखंड के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा।
