झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने रांची की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में कई अहम खुलासे और उससे जुड़े सबूत पेश किए गए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, अभ्यर्थी उमेश साहू का बिचौलिया अभय तिवारी के साथ परीक्षा में चयन कराने के लिए 75 लाख रुपये में सौदा हुआ था। इसके लिए उमेश ने एटीएम से रुपये निकाले और दोस्त से कर्ज लेकर भी कुछ राशि बिचौलिए तक पहुंचाई थी।

सीआईडी के अनुसार, मुकेश कुमार उर्फ मुकेश साहू का 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में रोल नंबर 2601255880 था। उसने अग्रिम तौर पर 13 जुलाई 2026 को अपने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 40 हजार रुपये निकाले और दोस्त से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। अन्य राशि सहित कुल पांच लाख रुपये नकद एक अन्य बिचौलिए उमेश कुमार के पास रातू रोड में पहुंचाए थे, जहां उसने अपनी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी भी दी थी।

जांच एजेंसी का दावा है कि परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज में मुकेश अधिकांश समय खाली बैठा दिखा और उसने बहुत कम प्रश्नों के उत्तर लिखे, जबकि मूल्यांकन के लिए भेजी गई मूल ओएमआर शीट में अधिकतर प्रश्नों के गोले भरे मिले। सीआईडी के मुताबिक, परीक्षा के बाद एजेंसी के कर्मियों और सिंडिकेट की मिलीभगत से शीट में जवाब भरे गए। पूछताछ में मुकेश ने अनुचित साधनों से पीटी पास करने की बात स्वीकार की थी।

सीआईडी ने कोर्ट को बताया है कि लखनऊ की एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड को जेएसएससी ने 20 मई 2025 को लापरवाही और तथ्य छिपाने के आरोप में तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया था। इसके बावजूद जेपीएससी ने जून 2025 के बाद नियमित टेंडर के बिना उसे गोपनीय परीक्षाओं का काम दिया। अप्रैल 2026 में हुई पीटी की उत्तरकुंजी जारी होने से पहले, 26 मई 2026 को तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता ने इसे अपने वाट्सएप नंबर से टीडीपीएल कर्मी उस्मान को भेजा था। जांच के अनुसार, कंपनी के मार्केटिंग मैनेजर मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय कुमार तिवारी सिंडिकेट का सरगना था, जो पीटी के लिए पांच लाख और अंतिम चयन के लिए 10 से 25 लाख रुपये तक वसूलता था।