पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर में 17 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे गली नंबर छह में करीब 40 साल पुराना मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय मकान में कई लोग मौजूद थे और छह लोग मलबे में दब गए। सूचना पर पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद सभी को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन वर्षीय देवांश और 35 वर्षीय पिंटू को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

विवेक विहार थाना क्षेत्र की पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मकान मालिक सुरेंद्र के भाई बीर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जर्जर हालत के बावजूद मकान में लोगों के रहने की व्यवस्था क्यों थी और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। मकान ढहने के कारणों और लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

मृतक पिंटू पेशे से किसान थे और काम की तलाश में गांव से दिल्ली आए थे। उनके घर में महज एक महीने पहले बेटे का जन्म हुआ था, लेकिन नवजात का नामकरण तक नहीं हुआ था कि पिता की मौत की खबर पहुंच गई। मोर्चरी के बाहर परिजनों का गम देखा गया।