कानपुर से गिरफ्तार अंकित शंखवार के लैपटॉप से लाखों ईमेल आईडी के कारोबार का विवरण सामने आया है। एटीएस के अनुसार, पिछले चार वर्षों में करीब 59 लाख ईमेल आईडी उपलब्ध कराई गईं, जिनमें लगभग 22 लाख जीमेल आईडी हैं और याहू समेत अन्य सेवा प्रदाताओं की आईडी भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। जांच में इस कारोबार से जुड़े करीब 80 लाख रुपये के लेनदेन के सुराग मिले हैं और बांग्लादेश से क्रिप्टो के माध्यम से भुगतान की कड़ी भी सामने आई है।
पूछताछ में अंकित शंखवार ने बताया कि इंटरनेट मीडिया के जरिए उसका संपर्क बांग्लादेश में बैठे एक व्यक्ति से हुआ था, जिसने बड़ी संख्या में ईमेल आईडी खरीदने की बात कही थी। डिजिटल कारोबार का हवाला देकर बल्क में आईडी की मांग की गई थी। जांच में वर्ष 2026 के दौरान बांग्लादेश से क्रिप्टो के जरिए करीब 40 लाख रुपये के भुगतान के संकेत मिले हैं। एटीएस क्रिप्टो वॉलेट और लेनदेन की कड़ियां जोड़कर रकम भेजने वाले और प्राप्त करने वाले की पहचान कर रही है।
अंकित के संपर्क में देश के अलग-अलग राज्यों के कई लोगों के होने की जानकारी भी सामने आई है, जो ईमेल आईडी तैयार कराने और उपलब्ध कराने में मदद करते थे। एटीएस उनके नाम और भूमिका का सत्यापन कर रही है और मोबाइल, लैपटॉप, ईमेल, चैट तथा भुगतान संबंधी डिजिटल साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है। संबंधित ईमेल सेवा प्रदाताओं से भी आईडी के इस्तेमाल और गतिविधियों की जानकारी मांगी जा रही है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इन मेल आईडी का इस्तेमाल केवल डिजिटल कारोबार में हुआ या किसी संगठित नेटवर्क के संपर्क, संदिग्ध प्रचार अथवा अन्य गतिविधियों में भी इनका उपयोग किया गया। एटीएस देश के विभिन्न हिस्सों में फैले संपर्कों की कड़ियां जोड़कर इस नेटवर्क की वास्तविक प्रकृति और इसके संचालकों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अंकित को 28 अक्टूबर को कानपुर से गिरफ्तार किया गया था और उसकी छह दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड 17 नवंबर सुबह 11 बजे से 23 नवंबर शाम छह बजे तक थी।
