कानपुर के सचेंडी क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक ने दूर की रिश्तेदार चाची से प्रेम संबंध उजागर होने पर उन पर चाकू से हमला किया और फिर जंगल में जाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार युवक आत्मग्लानि में था।

साढ़ क्षेत्र के बेहटा बुजुर्ग गांव निवासी किसान फूलसिंह का 22 वर्षीय बेटा त्रेहन उर्फ शिवम खेती में हाथ बंटाता था। साढ़ क्षेत्र में रहने वाली एक महिला, जो उम्र में उससे करीब 10 साल बड़ी थी और दूर के रिश्ते में उसकी चाची लगती थी, के साथ उसके प्रेमसंबंध थे। स्वजन के अनुसार 26 नवंबर को शिवम सचेंडी में अपने फूफा की बेटी की शादी में शामिल होने आया था, जहां वह महिला भी पहुंची थीं।

गुरुवार देर रात करीब दो बजे जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान स्वजन ने दोनों को घर की छत पर साथ देख लिया। कहासुनी बढ़ने पर शिवम ने चाकू निकालकर महिला की गर्दन पर वार कर दिया। उनकी चीख सुनकर स्वजन और समारोह में मौजूद लोग छत पर पहुंचे, लेकिन शिवम भाग निकला। महिला को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद पकड़े जाने के डर से युवक ने सचेंडी के पलरा गांव स्थित जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्र ने बताया कि स्वजन के अनुसार घटना के बाद युवक आत्मग्लानि में था, इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली।