कश्मीर के कई इलाकों में इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया। मौसम विभाग के मुताबिक श्रीनगर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही, जहां कल रात तापमान गिरकर -0.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जम्मू-कश्मीर में शोपियां सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान -3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी दिल्ली में सोमवार इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड हुआ। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों, 25 और 26 नवंबर, के लिए देशभर के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही हवा में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस की मात्रा दिखाने वाले प्रदूषण मैप में भी अलग-अलग रंगों के जरिए हवा की गुणवत्ता बताई गई है।
