जम्मू और कश्मीर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने एक बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है। खबर है कि इस अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट घिर गया है। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। कहा जा रहा है कि भट ने अपने साथियों के साथ 11 नवंबर को सीआरपीएफ कैंप पर हमला किया था। सोमवार को भी आतंकियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हुई थी, और माना जा रहा है कि उस एनकाउंटर में भट भाग निकला था। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित है। लारू में हुई मुठभेड़ में उसका एक साथी मारा गया था।

अधिकारियों के मुताबिक, आतंकी उमर निसार डार ने करीब छह महीने तक लतीफ भट को पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डार पहले ब्रेड बनाने का काम करता था और उसके परिवार ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार की मुठभेड़ में वह मारा गया। बताया जा रहा है कि मारे जाने से महज एक हफ्ते पहले वह ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ में शामिल हुआ था, जो पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा का ही एक गुट है। जांच में पता चला कि डार, भट के साथ मिलकर काम कर रहा था और उसने उसे पनाह दी। दोनों ने रेकी करने के बाद अखरान गांव में सीआरपीएफ की टुकड़ी पर हमला किया, जिसमें तीन जवान घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, 10 और 11 नवंबर के सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला है कि डार और भट कई कैमरों में कैद हुए थे।

लतीफ भट उन वांछित आतंकवादियों में शामिल है, जिस पर दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों पर हुए हमलों में शामिल होने का आरोप है, जिनमें अखरान में सीआरपीएफ नाके पर हाल में हुआ हमला भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक, फुटेज में अखरान हमले से पहले रेकी और उसके बाद भागने के दौरान उनकी गतिविधियां दर्ज हुई हैं। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने 10 नवंबर को मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम सहित कई स्थानों की रेकी की थी, जिसका मकसद संभावित ठिकानों की पहचान और सुरक्षा बलों पर हमले की योजना बनाना माना जा रहा है।

हमला दोपहर लगभग दो बजकर पांच मिनट पर उस समय हुआ, जब अखरान ब्रिज मीर बाजार के पास तैनात सीआरपीएफ जवानों पर दो से तीन आतंकवादियों ने गोलियां चलाईं। वारदात के तुरंत बाद हमलावर मौके से भागने में सफल रहे। घटना के बाद सभी घायल जवानों को तत्काल शासकीय मेडिकल कॉलेज अनंतनाग में भर्ती कराया गया। एजेंसी को सूत्रों ने बताया कि इनमें से एक जवान को पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य दो जवानों के पैर और बाएं हाथ में गोली लगी थी और उन्हें इलाज के लिए श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल में भेजा गया था।