चेन्नई में सनराइजर्स हैदराबाद की मालिक और उद्योगपति कलानिधि मारन की बेटी काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर के वेडिंग रिसेप्शन में कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। आईटीसी ग्रैंड चोला में आयोजित इस समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने नेवी ब्लू बंदगला सूट में पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को फूलों का गुलदस्ता देकर बधाई दी। समारोह में सुपरस्टार रजनीकांत अपनी पत्नी लता रजनीकांत के साथ शामिल हुए, जबकि कमल हासन, एटली और भुवनेश्वर कुमार सहित कई अन्य हस्तियां भी मौजूद रहीं।
इस आयोजन का सबसे चर्चित पल विजय और रजनीकांत की मुलाकात रही। विजय ने मुस्कुराते हुए रजनीकांत का अभिवादन किया और उनके साथ तस्वीर खिंचवाई। इस फ्रेम में तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम के स्टालिन भी नजर आए। इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया गया।
बता दें कि तमिलनाडु में विजय की जीत के बाद यह चर्चा सामने आई थी कि रजनीकांत खुश नहीं हैं। इस पर 17 मई को चेन्नई के पोएस गार्डन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रजनीकांत ने विजय के मुख्यमंत्री बनने और उनके बीच कथित जलन या प्रतिस्पर्धा की अफवाहों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें विजय से कोई जलन या प्रतिद्वंद्विता नहीं है और वे उनके राजनीतिक विरोधी नहीं हैं। रजनीकांत ने यह भी बताया था कि वे विजय को बचपन से जानते हैं।
रिसेप्शन में दोनों दिग्गजों के मिलने के बाद 80 के दशक की एक पुरानी तस्वीर भी वायरल हुई, जिसमें विजय बहुत छोटे और एक बच्चे के रूप में रजनीकांत के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। विजय ने हमेशा रजनीकांत को एक वरिष्ठ आइकन और प्रेरणा के रूप में सम्मान दिया है, जबकि रजनीकांत ने विजय की मेहनत और सफलता की सराहना की है। फैंस और सोशल मीडिया पर दोनों के बीच तुलना या प्रतिस्पर्धा की बातें चलती रही हैं, लेकिन दोनों सितारों ने सार्वजनिक मंचों पर गरिमापूर्ण व्यवहार बनाए रखा है। फैंस ने इस मुलाकात पर अपनी प्रतिक्रियाएं भी साझा की हैं।
