लखीमपुर जिले में धान की पराली अब किसानों के लिए आय का नया माध्यम बनती दिख रही है। उद्योग इसे जैव ईंधन के रूप में उपयोग कर रहे हैं, जिससे पराली प्रबंधन से प्रदूषण कम होने और किसानों को लाभ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कई वर्षों से किसानों और पर्यावरण के लिए मुसीबत बनने वाली पराली अब आय का जरिया बनती दिख रही है। धान की फसल के अवशेष जलाए जाने से वायु प्रदूषण की गंभीर समस्या पैदा होती थी, लेकिन उचित प्रबंधन से यह समस्या हल होती दिख रही है। तराई का खीरी जिला भी इससे अलग नहीं है।
जिले में धान की फसल के अवशेष के निस्तारण के लिए कोई कारगर उपाय नहीं था। अभी तक पराली को खेतों की अधिक जुताई कर मिट्टी में मिलाया जाता था या फसल अवशेष पर सड़ाने वाली रासायनिक दवाओं का स्प्रे किया जाता रहा है। इस प्रक्रिया में धन और समय का ह्रास होता रहा। इसके अलावा पराली जलाने पर किसानों को कानूनी कार्यवाही से लेकर आर्थिक जुर्माना तक भुगतना पड़ा।
अब इस पराली का उपयोग बिजली संयंत्रों से लेकर तमाम ईंधन आधारित उद्योग-धंधों में होना शुरू हो गया है। फसल अवशेषों से तैयार जैव ईंधन कोयले की खपत को भी कम करने में सहायक साबित हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, गन्ने की पत्ती जलाने पर भी प्रतिबंध था, लेकिन उचित प्रबंधन से पताई की गांठे बनाकर इनका उपयोग ईंधन के रूप में होने लगा है। इसी प्रकार रेहरिया पिपरिया इलाके में धान बहुल क्षेत्र में भी मशीनों के जरिए पराली संग्रह करना, सुखाना और गांठ बांधकर तैयार करना शुरू किया जा चुका है। मशीन से बांधकर तैयार की गई गांठे क्षेत्र में स्टॉक के तौर पर लगी देखी जा सकती हैं।
आधुनिक पराली प्रबंधन से कभी मुसीबत बनने वाली पराली पर पैसा खर्च करने वाले किसानों को अब पराली संग्रह करने पर आंशिक आय भी हो सकेगी। ऐसे में पराली प्रबंधन किसानों के लिए आशा की किरण बनकर उभरा है।
