नई दिल्ली: इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड ने टी20 क्रिकेट में 15,000 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। वे इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। फिलहाल पोलार्ड आईएलटी20 2026 में मुंबई एमिरेट्स की कप्तानी कर रहे हैं।

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में डेजर्ट वाइपर्स के खिलाफ मुकाबले में पोलार्ड ने 15 गेंदों पर 15 रन बनाए। इसी पारी के दौरान उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। उनके नाम अब टी20 क्रिकेट की 672 पारियों में 15,014 रन दर्ज हैं। इस दौरान उनका औसत 31.67 का रहा है और स्ट्राइक रेट करीब 150 का रहा है। उन्होंने अपने टी20 करियर में 2 शतक और 71 अर्धशतक लगाए हैं।

टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में इंग्लैंड के जोस बटलर 15,062 रनों के साथ पहले स्थान पर हैं। पोलार्ड अब उनसे केवल 48 रन पीछे हैं। इस सूची में तीसरे नंबर पर एलेक्स हेल्स (14,581 रन), चौथे पर क्रिस गेल (14,562 रन) और पांचवें पर डेविड वॉर्नर (14,411 रन) हैं।

पोलार्ड के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए माना जा रहा है कि वे जल्द ही बटलर को पछाड़कर टी20 क्रिकेट के सर्वकालिक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं।