पुलिस परिवार के बच्चों की खेल प्रतिभा निखारने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस विशेष प्रशिक्षण और कोचिंग की व्यवस्था करेगी। इसके लिए जल्द योजना तैयार की जाएगी। पुलिस परिवार के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों तथा अनुभवी प्रशिक्षकों की मदद से बच्चों को खेलों में आगे बढ़ाया जाएगा।
यह जानकारी रविवार को 35वीं वाहिनी पीएसी परिसर में वामा सारथी खेलोत्सव-2026 के समापन कार्यक्रम में डीजीपी राजीव कृष्ण ने दी। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे बड़े सपने देखें और अनुशासन तथा निरंतर परिश्रम से उन्हें पूरा करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि खेलों में हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना जरूरी है।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से 433 बच्चों ने हिस्सा लिया। वामा सारथी की यह पहल पुलिस परिवार के बच्चों को प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने में अहम साबित होगी।
