शारजाह: मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) भविष्य में टेस्ट क्रिकेट में फ्री हिट नियम लागू करने पर विचार कर सकता है। एमसीसी के क्रिकेट प्रमुख फ्रेजर स्टीवर्ट ने पुष्टि की है कि इस विचार पर चर्चा हुई है, लेकिन फिलहाल इसे क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में लागू नहीं किया गया है। फ्री हिट अभी सीमित ओवरों वाले क्रिकेट का हिस्सा है, जिसमें गेंदबाज के नो-बॉल फेंकने पर बल्लेबाज को अगली गेंद पर आउट होने का डर नहीं रहता। टेस्ट मुकाबलों के लिए बने नियमों में अभी फ्री हिट का प्रावधान नहीं है।
शारजाह में इंटरनेशनल लीग टी20 के दौरान मीडिया से बातचीत में स्टीवर्ट ने कहा कि नियमों की देखरेख करने वाली संस्था एमसीसी ने इस संभावना पर चर्चा की है, लेकिन अभी वह इसे सभी फॉर्मेट में लागू करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा, "फिलहाल टेस्ट के नियमों में फ्री हिट शामिल नहीं है। यह एक ऐसी चीज है जिस पर हम विचार करेंगे। हमने इस पर चर्चा की है, लेकिन अभी हमने इसे क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में लागू नहीं किया है। हालांकि, क्या पता, शायद आगे चलकर हम वहां तक पहुंच जाएं।"
स्टीवर्ट ने क्रिकेट में हाल ही में हुए एक और बदलाव के पीछे की सोच भी बताई। इस नियम के अनुसार, अगर कोई बल्लेबाज कैच आउट हो जाता है, तो अगली गेंद खेलने के लिए नए बल्लेबाज को ही आना होगा, भले ही कैच पूरा होने से पहले दोनों बल्लेबाजों ने एक दूसरे को क्रॉस कर लिया हो। एमसीसी अधिकारी ने बताया कि वह खुद काफी समय से इस बदलाव को लागू करना चाहते थे, लेकिन इस विचार को तब और बल मिला, जब द हंड्रेड टूर्नामेंट के आयोजकों ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले खेल के नियमों में कुछ नए बदलावों के सुझावों के साथ एमसीसी से संपर्क किया।
स्टीवर्ट ने कहा कि यह ऐसा बदलाव था जिसे लेकर वह बहुत उत्सुक थे और इसे एक नियम के रूप में लागू करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने याद किया कि जब 2020 के आसपास द हंड्रेड के पहले सीजन की तैयारी चल रही थी, तब आयोजकों ने एमसीसी से संपर्क किया था। वे टूर्नामेंट को कुछ अलग और नया बनाने के लिए इसमें कुछ अनोखे बदलाव करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि इस नियम पर उनके साथ चर्चा हुई और उनके एक साथी की भी इस पर ऐसी ही राय थी, जिसके बाद इसे द हंड्रेड के पहले साल में खेल की एक शर्त के तौर पर लागू किया गया।
