कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को GTA-6 गेम खेलते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने नोटबंदी की तुलना GTA-6 से करते हुए कहा कि नोटबंदी भी बिना ऑटो वाली एक बड़ी चोरी थी। थरूर ने कहा कि GTA-6 के नए वर्जन में 13 साल लग गए और इस दौरान भारत में अभिव्यक्ति की आजादी में कमी देखी गई है। उन्होंने कहा कि ज्यादा लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि कहीं सरकार को उनकी बातें पसंद न आएं।

थरूर ने बताया कि उन्होंने पहली बार वीडियो गेम खेला है। उनके घर में सभी की पढ़ाई की आदत है और बच्चे डंजन्स एंड ड्रैगन्स जैसे बोर्ड गेम खेलते थे। उन्होंने बच्चों के लिए प्लेस्टेशन-1 खरीदा था, लेकिन आधुनिक गेमिंग डिवाइस उनके बच्चों के जीवन का हिस्सा नहीं रहे। GTA-6 खेलते हुए उन्हें किरदार को नियंत्रित करने और गाड़ी चलाने में परेशानी हुई। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह गेम में सिर्फ जिंदा रहने की कोशिश कर रहे हैं। थरूर ने सवाल उठाया कि क्या भारतीय परिवेश पर आधारित गेम विदेशों में भी लोकप्रिय हो सकते हैं?

GTA यानी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो दुनिया की सबसे मशहूर और सबसे ज्यादा बिकने वाली वीडियो गेम सीरीज है, जिसे अमेरिकी कंपनी रॉकस्टार गेम्स ने 1996-97 में तैयार किया था। यह ओपन-वर्ल्ड एक्शन-एडवेंचर गेम है, जिसमें खिलाड़ी को एक काल्पनिक शहर दिया जाता है। नए GTA 6 में वाइस सिटी है, जो अमेरिका के मियामी शहर पर आधारित है। पहला GTA गेम नवंबर 1997 में लॉन्च हुआ था और 2013 में GTA 5 आया था। दिसंबर 2023 में GTA 6 के पहले ट्रेलर को 24 घंटे के भीतर यूट्यूब पर 9 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, GTA 6 को बनाने में करीब 1 से 1.5 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है। पिछले 10 सालों से इस गेम पर दुनिया के 12 अलग-अलग स्टूडियो में 4,700 से ज्यादा डेवलपर्स, प्रोग्रामर, आर्टिस्ट और इंजीनियर काम कर रहे थे। रॉकस्टार गेम्स ने भारत में GTA 6 के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपए और अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपए रखी है। यह गेम PlayStation 5 और Xbox Series X|S पर उपलब्ध है और पुराने PS4 या लैपटॉप-पीसी पर नहीं चलेगा।