दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में इंडिया ए के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पाकिस्तान ए के खिलाफ सिर्फ 11 रन बना सके। वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में उन्होंने 13 गेंदों का सामना किया और दो चौके मारे। मोहम्मद इमरान रंधावा की गेंद पर वैभव ने स्लॉग शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आई और मिड ऑफ की तरफ हवा में चली गई, जहां कप्तान अब्दुल समद ने कैच लपक लिया। नेपाल के खिलाफ पिछले मैच में वैभव ने 26 रन बनाए थे। यह टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में खेला जा रहा है, जबकि वैभव भारत के लिए 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं।

वैभव का बल्ला काफी समय से शांत है। अपने आखिरी 10 प्रोफेशनल मैचों में उन्होंने 12 पारियों में बैटिंग की है और इस दौरान सिर्फ एक फिफ्टी लगाई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में उन्होंने 19 गेंदों पर 45 रन की तेज पारी खेली थी। एशियन गेम्स में भी वैभव कोई बड़ा कमाल नहीं कर सके थे।

इस मुकाबले में पाकिस्तान ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और 313 रन बनाए। आखिरी ओवर में उनकी पारी सिमट गई। हसन नवाज ने 82 गेंदों पर 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 79 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, जबकि ओपनर माज सदाकत ने 63 गेंदों पर 59 रन बनाए। पाकिस्तान के अंडर-19 कप्तान फरहान यूसफ ने 56 रन जोड़े। इंडिया ए के लगभग सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए और 7 में से चार की इकोनॉमी 6 से ऊपर रही। हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने 2-2 विकेट झटके।