भारतीय टीम ने पहली पारी में 352 रन की बढ़त हासिल की। जवाब में न्यूजीलैंड ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 119 रन बना लिए हैं। मैच के चौथे दिन के खेल की समाप्ति के बाद न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अभी बहुत बैटिंग बाकी है। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि यह 90 ओवर की बैटिंग है और उम्मीद है कि जैसा हमने आज रात किया, वैसा ही करेंगे, अच्छी पोजीशन में पहुंचेंगे, बॉल दर बॉल अच्छा करते रहेंगे और साझेदारी बनाएंगे।
रविंद्र ने कहा कि दो विकेट गिरने के बाद चौथे दिन का आखिरी सेशन बचाना उनके लिए पॉजिटिव था। उन्होंने साफ तौर पर माना कि हम गेम में काफी पीछे हैं और दो विकेट गिरने के बाद यह अच्छा समय था। उन्होंने कहा कि भारत ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और फील्ड में हम पर दबाव डाला।
रविंद्र ने कहा कि हम जानते हैं कि यह काफी अच्छा विकेट रहा है, इसलिए उम्मीद है कि हम लंबे समय तक खुद को लगा पाएंगे और तीन सेशन बैटिंग कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि वेलिंगटन में अगर थोड़ी और हवा चलती है, तो शायद विकेट थोड़ा और सूख जाएगा और पिच थोड़ा और टर्न ले सकती है, इसलिए हमें इसे ध्यान में रखना होगा।
