बांग्लादेश के खिलाफ सेंचुरियन में सोमवार से शुरू हो रहे दूसरे और आखिरी टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीका ने अपनी प्लेइंग-11 का एलान कर दिया है। टीम में दो बदलाव किए गए हैं। कप्तान टेंबा बावुमा पिछले मुकाबले में काफ में लगी चोट के कारण इस टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में एडेन मार्करम टीम की कमान संभालेंगे।

बावुमा की जगह टोनी डी जॉर्जी को टीम में शामिल किया गया है, जो चार नंबर पर खेलते हुए दिख सकते हैं। वहीं डेन पैटरसन की जगह एनरिक नॉर्खिया को प्लेइंग-11 में जगह मिली है। ओपनिंग की जिम्मेदारी एडेन मार्करम और मार्कस एकरमैन संभालेंगे, जबकि तीन नंबर पर जुबैर हमजा खेलेंगे। पिछले मैच में हमजा ने 83 रन और एकरमैन ने 157 रन की पारी खेली थी।

विकेटकीपर की भूमिका रायन रिकल्टन निभाएंगे, जिन्होंने पिछले मुकाबले में 102 रन बनाए थे। ऑलराउंडर के रूप में वियान मुल्डर और मार्को यानसेन टीम में शामिल हैं, जबकि साइमन हार्मर इकलौते स्पिनर हैं। तेज गेंदबाजी की कमान कगिसो रबाडा और एनरिक नॉर्खिया के हाथों में होगी।

साउथ अफ्रीका ने पहले टेस्ट में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया था। उस मैच में रबाडा ने बल्लेबाजी में 72 रन बनाने के अलावा कुल आठ विकेट झटके थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। साउथ अफ्रीका की नजर अब दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज में बांग्लादेश का सूपड़ा साफ करने पर होगी।

साउथ अफ्रीका की प्लेइंग-11: एडेन मार्करम (कप्तान), मार्कस एकरमैन, जुबैर हमजा, टोनी डी जॉर्जी, मैथ्यू ब्रीत्जके, रायन रिकल्टन (विकेटकीपर), वियान मुल्डर, मार्को यानसेन, साइमन हार्मर, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्खिया।