तीन बार की आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सामने अगले सत्र से पहले कप्तानी की चुनौती खड़ी हो गई है। पिछले दो सत्रों में टीम की कमान संभालने वाले अजिंक्य रहाणे गत जुलाई में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले चुके हैं। इस कारण केकेआर ने उन्हें अन्य 11 खिलाड़ियों के साथ रिलीज कर दिया है। अब फ्रेंचाइजी को नया कप्तान तलाशना है।

इस दौड़ में रिंकू सिंह का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। रिंकू 2018 से केकेआर के साथ हैं और टीम की उपकप्तानी का अनुभव भी रखते हैं। सुनील नरेन भी दावेदार हैं। केकेआर की तीनों खिताबी जीत में उनकी अहम भूमिका रही है, हालांकि उम्र बाधा बन सकती है, क्योंकि नरेन 38 साल के हैं और फ्रेंचाइजी दीर्घकालिक कप्तान चाहती है।

आईपीएल की ट्रेड विंडो के दौरान हार्दिक पांड्या पर नजर थी, लेकिन बात नहीं बन पाई। हार्दिक मुंबई से पंजाब का रुख कर चुके हैं। अब केकेआर के पास दो उपाय हैं—मौजूदा खिलाड़ियों में से किसी को कमान सौंपना या 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली मिनी नीलामी में किसी खिलाड़ी को खरीदकर कप्तान नियुक्त करना। 12 खिलाड़ियों को रिलीज करने से केकेआर के पास नीलामी में तीन विदेशी और पांच भारतीय खिलाड़ियों के स्थान भरने की गुंजाइश है।

गौतम गंभीर के जाने के बाद से कप्तानी केकेआर के लिए चिंता का सबब रही है। 2022 में श्रेयस अय्यर के नेतृत्व संभालने और 2024 में टीम को तीसरी ट्रॉफी दिलाने के बाद लगा था कि यह समस्या मिट गई है, लेकिन फ्रेंचाइजी अगले सत्र में उन्हें रिटेन नहीं कर पाई। सौरव गांगुली से अजिंक्य रहाणे तक अब तक नौ खिलाड़ियों ने केकेआर की कप्तानी की है, जिनमें गंभीर ने सर्वाधिक सात सत्र टीम की कमान संभाली।