पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में कलवाड़ी गांव के पास एक इको वाहन के गहरी खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। पुलिस की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार थाना रिखणीखाल से लगभग 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के समीप इको वाहन (संख्या UK 15 TA 2152) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था, जिसमें कुल 12 लोग सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही थाना रिखणीखाल पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू अभियान के दौरान चारों घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि आठ लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई। सभी शवों को खाई से निकाल दिया गया है। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया।

हादसे पर मुख्यमंत्री के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

पुलिस के अनुसार मृतकों में कान्ति देबी (45), रेखा देबी (42), चालक अनिल देबराडा (48), सुमित्रा देबी (50), सुनीता देबी (45), धनेश्वरी देबी (46), सरोजनी देबी (38) और रजनी देबी (25) शामिल हैं, जिनमें से अधिकांश भंगलवाड़ निवासी थे। घायलों में शशी देबी (35), शकुन्तला देबी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देबी (36) शामिल हैं, जो भी भंगलवाड़ के रहने वाले हैं।