श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुबह हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को मार गिराया। लतीफ भट कुलगाम हमले का मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है। 11 नवंबर को कुलगाम में हुए हमले के बाद सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश के लिए घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था। सुरक्षा बलों के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आतंकियों ने फायरिंग की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। मारा गया लतीफ भट कश्मीर घाटी का आखिरी सक्रिय टॉप कमांडर बताया जा रहा है, जो लश्कर-ए-तैयबा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसे चालाक माना जाता था, जो अलग-अलग इलाकों में छोटे हमले करने के बाद स्थानीय लोगों के बीच घुल-मिल जाता था, जिससे उसे ढूंढना मुश्किल हो रहा था। वह कुलगाम का ही रहने वाला था और उसका परिवार गांव ख्रेवन चादर में रहता है। लतीफ भट ने नवंबर 2020 में अपना घर छोड़कर लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया था।
लतीफ भट कश्मीर घाटी में कई हमलों में शामिल रहा है, जिनमें जुलाई में प्रवासी मजदूरों की हत्या का मामला भी शामिल है। किश्तवाड़ जिले में सेना में शामिल होने के लिए लौट रहे दो पुलिस अधिकारियों की हत्या में भी उसका हाथ बताया जाता है। सुरक्षा एजेंसियों के लिए वह सिरदर्द बना हुआ था, क्योंकि छोटे हमलों के बाद वह सुरक्षित निकल जाने का रास्ता खोज लेता था। दो दिन पहले कुलगाम में हुए एक एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने उसे घेर लिया था, लेकिन उसके साथ मौजूद उमर वसीम डार मारा गया और लतीफ भट बचकर निकल गया था।
लश्कर-ए-तैयबा अपने प्रॉक्सी संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (टीआरएफ) के नाम से भी हमले करता है, जिसे पाकिस्तान से निर्देश मिलते थे। आईएसआई लतीफ भट की मदद से कश्मीर में अपना स्थानीय नेटवर्क और मजबूत करना चाहती थी। इस मुठभेड़ के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ वाले इलाके की घेराबंदी कर दी है।
