हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के धाडोगी गांव में रहने वाले जय प्रकाश को 21 नवंबर की रात अपनी छत पर सफ़ेद और नीले रंग के गुब्बारे लटके मिले। इनके साथ एक बैनर था, जिस पर 'गवर्नमेंट ग्रेजुएट कॉलेज फ़ॉर वीमेन, टाउनशिप, लाहौर, वार्षिक खेल दिवस 2026' लिखा था। पहले उन्हें यह किसी शरारत जैसा लगा और उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुब्बारों और बैनर को अपने क़ब्जे में लेकर जांच शुरू की। सोलन जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गुब्बारों में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और ये हवा में उड़ते हुए यहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस तरह के गुब्बारे पहले भी कई बार यहां आ चुके हैं।
लाहौर से सोलन की हवाई दूरी कम से कम 272 किलोमीटर है। माना जा रहा है कि इन गुब्बारों ने करीब 42 घंटे में यह सफ़र तय किया। जांच में पता चला कि गुब्बारे लाहौर के उस महिला कॉलेज में खेल दिवस के दौरान छोड़े गए थे, जिसका नाम बैनर पर लिखा था। कॉलेज के सोशल मीडिया पेज पर भी खेल दिवस के मौके पर छोड़े गए इन गुब्बारों और बैनर की तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं। जय प्रकाश ने सोशल मीडिया पर कॉलेज का पेज खोजकर अंग्रेजी में संदेश लिखा, "मेरे प्यारे पड़ोसियों, आपके गुब्बारे मेरे घर की छत पर आ गिरे हैं।"
कॉलेज प्रशासन ने जवाब में लिखा कि उम्मीद है कि ये गुब्बारे शांति, प्रेम, मित्रता और खेल भावना का संदेश लेकर आएंगे। कॉलेज के उर्दू विभाग की प्रमुख डॉक्टर फौजिया सुल्ताना ने लिखा, "बहुत-बहुत धन्यवाद, भाई। लगता है हवाओं को आपके घर का माहौल दोस्ती के लिए अनुकूल लगा होगा।" जय प्रकाश ने जवाब दिया कि दोस्ती की कोई सीमा नहीं होती। उन्होंने कहा कि इंसानियत की कोई सीमा नहीं होती और दोनों देशों के आम लोग शांति, समृद्धि और खुशी चाहते हैं।
कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफ़ेसर डॉ. अंबरीन जावेद ख़ान ने बताया कि उनका कॉलेज पूरे पंजाब में खेलों के लिए जाना जाता है और खेलों के जरिए ही दोस्ती बनती है। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले यह कॉलेज सिर्फ शारीरिक शिक्षा के लिए समर्पित था, बाद में इसे सामान्य श्रेणी में शामिल कर लिया गया। जानकारी के मुताबिक, ये गुब्बारे लाहौर के टाउनशिप इलाके से उड़ाए गए थे और अमृतसर, जालंधर और चंडीगढ़ के आसमान से होते हुए सोलन जिले के अर्की इलाके में जय प्रकाश के घर पर आकर उतरे।
