लखीमपुर में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर पहुंचे। उन्होंने मतदाताओं से संपर्क कर मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी जुटाई और नए मतदाता पंजीकरण तथा वोटर आईडी में संशोधन की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया। बीएलओ ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर सूची में दर्ज नाम, पता समेत अन्य विवरणों की जानकारी ली। जिन युवाओं की उम्र मतदाता बनने के लिए निर्धारित हो चुकी है, उन्हें सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन करने की जानकारी दी गई। साथ ही नाम छूटने, गलत प्रविष्टि अथवा नाम, पता और अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर सुधार कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
शनिवार को मुख्य निर्वाचन कार्यालय के ओएसडी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने जिले के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने छाउछ, कोरैया जंगल, मिदनिया और भंसड़िया बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और बूथों पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली।
डीएम अंजनी कुमार सिंह भी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 की हकीकत जानने के लिए बूथों पर पहुंचे। उन्होंने नए मतदाताओं के पंजीकरण की पड़ताल की और बीएलओ से फॉर्म-6 की प्रगति जानी। डीएम ने बेहतर कार्य करने वाली बीएलओ को सम्मानित करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में निष्ठा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा और लापरवाही पर जवाबदेही भी तय होगी।
मितौली/कस्ता तहसील क्षेत्र में करीब 1300 फॉर्म-6 भरे गए। शासन के निर्देश पर तहसील क्षेत्र के सभी 375 मतदान केंद्रों पर बीएलओ ने मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य किया। उपजिलाधिकारी संतदास पवार ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है। एसडीएम ने बबौना, कस्ता, खमरिया, रौतापुर सहित दर्जनों मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
