आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने के बाद यह दावा किया है कि उन्होंने 2010 में अपनी जान को खतरे के कारण भारत छोड़ा था। उन्होंने उन खबरों को खारिज किया है कि वे कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए देश से बाहर गए थे।

पीटीआई, लंदन के अनुसार, ललित मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए बयान में कहा कि अंडरवर्ल्ड से उनकी जान को खतरा था, जिसके चलते उन्होंने 2010 में भारत छोड़ने का फैसला किया। उनके मुताबिक, उनकी सशस्त्र पुलिस सुरक्षा बिना किसी सूचना के वापस लिए जाने के तीन दिन बाद उन्होंने देश छोड़ा था और उस समय उनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं थी।

मोदी ने भारत छोड़ने को लेकर झूठी और मानहानिकारक खबरों के लिए संबंधित संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। हाल ही में उन्होंने कहा था कि उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता हासिल कर ली है।

बता दें कि साल 2010 में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के चलते उन्हें निलंबित कर दिया था। 2015 में मनी लांड्रिंग के मामले में ईडी के समन का जवाब न देने पर उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।