मध्य प्रदेश में उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। दमोह में रात का पारा 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और प्रदेश के आठ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

राजधानी भोपाल में लगातार चार दिन शीतलहर चलने के बाद शनिवार को कुछ राहत मिली। यहां न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 10.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, हालांकि यह सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक प्रदेश में अगले दो से तीन दिन तक ठंड का मौजूदा दौर जारी रहने के आसार हैं। रविवार को दमोह, कटनी, उमरिया और शहडोल जिलों में शीतलहर चल सकती है। सुबह के समय कई इलाकों में कुहासा छाने की संभावना है, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है।

मौसम विज्ञानी पीके रायकवार के अनुसार, फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने से प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण ठंड का प्रभाव जारी रहेगा। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला के मुताबिक, अगले तीन-चार दिनों तक उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ पहुंचने की संभावना नहीं है, ऐसे में मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।