मद्रास हाई कोर्ट के सीटिंग जज जीआर स्वामीनाथन और सीपीएम सांसद एस वेंकटेशन के बीच तीखी भिड़ंत हो गई है। मंगलवार को वेंकटेशन ने जज की उनकी जीवनशैली पर की गई आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि उनके पास आज तक अपनी कार नहीं है और उन्होंने रेल यात्रा के लिए केवल उन्हीं सुविधाओं का इस्तेमाल किया जिनके वे सांसद के रूप में हकदार हैं। सांसद ने जज की टिप्पणियों को व्यक्तिगत स्तर पर घटिया हमला करार दिया।

दरअसल, सोमवार को भरी अदालत में सुनवाई के दौरान जस्टिस स्वामीनाथन ने एक रेल यात्रा का जिक्र करते हुए कहा था कि वे शयनयान श्रेणी में यात्रा कर रहे थे, जबकि वामपंथी सांसद ने प्रथम श्रेणी में यात्रा की थी। जज ने यह भी कहा था कि वेंकटेशन महंगी बेंज कार में आते हैं और सिर से पांव तक ब्रांडेड चीजें पहनते हैं। ये टिप्पणियां तमिलनाडु के सार्वजनिक पुस्तकालयों के लिए पुस्तकों की खरीद में कथित अनियमितताओं से जुड़ी अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान की गई थीं।

अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते पर जारी बयान में वेंकटेशन ने कहा कि तथ्यों की जांच किए बिना केवल सतही तौर पर देखी गई बातों के आधार पर आलोचना करना पूर्वाग्रह को दर्शाता है और यह व्यक्तिगत हमला बन जाता है। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर वे जिस कार से पहुंचे थे, उसे लेकर उनकी आलोचना की गई, जबकि वह कार उनकी नहीं थी। सांसद ने कहा कि किसी व्यक्ति की दलील सिर्फ इसलिए गलत नहीं हो जाती क्योंकि वह प्रथम श्रेणी में यात्रा करता है और न ही कोई व्यक्ति केवल शयनयान श्रेणी में यात्रा करने से सही हो जाता है।

मदुरै से लोकसभा सदस्य वेंकटेशन ने कहा कि उन्हें कम्युनिस्ट होने पर बहुत गर्व है और साम्यवाद ने उन्हें सवाल उठाना सिखाया है। उन्होंने कहा कि वामपंथी नेताओं से अक्सर उनके कपड़ों और वाहनों को लेकर सवाल किए जाते हैं, लेकिन जब ऐसे सवाल पार्टी के शुचिता और सादगी के मूल सिद्धांतों के तहत पूछे जाते हैं, तो वे उनका जवाब देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।