माघ मेला 2027 में प्रयागराज के मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं, संतों और कल्पवासियों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। जल निगम के अनुसार मेला क्षेत्र में 260 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी और 28 नलकूप स्थापित किए जाएंगे। पिछले वर्ष 25 नलकूपों से जलापूर्ति की गई थी, इस बार तीन अतिरिक्त नलकूप लगाए जा रहे हैं।

जलकल निगम के अधिशासी अभियंता अमित राज ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हो चुका है और 20 दिसंबर तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद जनवरी में विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति के लिए कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

विभाग का प्रयास है कि मेला क्षेत्र में बसने वाले प्रत्येक शिविर, संतों के आश्रम और कल्पवासियों के शिविर तक पर्याप्त पानी पहुंचाया जा सके। नलकूपों की स्थापना भी इसी तैयारी का हिस्सा है, ताकि माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता में किसी तरह की बाधा न आए।