मालदीव भारतीयों के पसंदीदा विदेशी गंतव्यों में से एक है। नीला समंदर, सफेद रेत और शांत माहौल इसे खूबसूरत देशों में शामिल करता है। अगर आप मालदीव जाने की योजना बना रहे हैं, तो 4 दिन और 3 रातों का प्लान बेहतर माना जाता है। यहां घूमने की कई जगहें हैं और कई गतिविधियों में हिस्सा लिया जा सकता है।

यात्रा की शुरुआत राजधानी माले के वेलाना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने से होती है। एयरपोर्ट से रिसॉर्ट का प्रतिनिधि आपको स्पीडबोट या सी-प्लेन से चुने हुए द्वीप जैसे माफुसी, गुलही या किसी प्राइवेट रिसॉर्ट तक ले जाता है। चेक-इन के बाद आराम करें और शाम को समुद्र किनारे टहलें, सनसेट देखें और कैंडललाइट डिनर का आनंद लें। डिनर में स्थानीय सी-फूड चखा जा सकता है।

दूसरे दिन समंदर को निहारते हुए ब्रेकफास्ट करें। मालदीव अपनी मरीन लाइफ के लिए जाना जाता है, इसलिए वॉटर स्पोर्ट्स जरूर आजमाएं। स्नॉर्कलिंग और स्कूबा डाइविंग के जरिए रंग-बिरंगी कोरल रीफ, समुद्री कछुए और मछलियों को करीब से देख सकते हैं। एडवेंचर के शौकीन जेट स्कीइंग, पैरासेलिंग या कयाकिंग भी कर सकते हैं। शाम को रिसॉर्ट के स्पा में आराम करें या सनसेट डॉल्फिन क्रूज पर जाएं, जहां डॉल्फिन को पानी में उछलते देखा जा सकता है।

तीसरे दिन आसपास के स्थानीय द्वीपों की सैर करें। किसी सैंडबैंक पर जाकर चारों ओर फैले नीले पानी का नजारा देखें, जो फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए अच्छी जगह है। इसके बाद स्थानीय द्वीप पर जाकर मालदीव की संस्कृति, बाजार और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लें। आखिरी दिन सुबह ब्रेकफास्ट के बाद चेक-आउट करें और स्पीडबोट से माले लौटें। रिटर्न फ्लाइट शाम की हो तो माले शहर में ऐतिहासिक ग्रैंड फ्राइडे मस्जिद, सुल्तान पार्क और स्थानीय फिश मार्केट देख सकते हैं, साथ ही परिवार और दोस्तों के लिए सुविनियर्स खरीद सकते हैं।