नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की 2023 की रिपोर्ट के अनुसार, देश में दर्ज कुल 1,71,418 आत्महत्याओं में 72.8 प्रतिशत पुरुष और 27.2 प्रतिशत महिलाएं थीं। यानी आत्महत्या के मामलों में करीब तीन चौथाई पुरुष थे। अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस पर आल इंडिया डाक्टर्स एसोसिएशन आफ आईएसएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मनोचिकित्सक एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. आरपी पाराशर ने कहा कि सामाजिक अपेक्षाओं के कारण कई पुरुष अपनी मानसिक परेशानियां साझा नहीं कर पाते। उनके अनुसार, पुरुषों में अवसाद की व्यापकता महिलाओं की तुलना में कम हो सकती है, लेकिन आत्महत्या से होने वाली मौतों में उनका अनुपात अधिक होना गंभीर चिंता का विषय है। आर्थिक दबाव, नौकरी की असुरक्षा, बेरोजगारी, पारिवारिक विवाद और नशे की लत मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारक हैं।
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 (एनएफएचएस-6) के आंकड़ों के अनुसार, पुरुषों में उच्च रक्तचाप की व्यापकता 22.2 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि महिलाओं में यह आंकड़ा 19.4 प्रतिशत था। तंबाकू सेवन के मामले में भी पुरुषों की हिस्सेदारी अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक तंबाकू सेवन पुरुषों में 36.3 प्रतिशत और महिलाओं में 8.4 प्रतिशत है, जबकि शराब का सेवन पुरुषों में 18.9 प्रतिशत और महिलाओं में 1.1 प्रतिशत है। डॉ. पाराशर के अनुसार, तंबाकू और शराब के सेवन से हृदय रोग, कैंसर और लिवर संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ता है।
डॉ. पाराशर ने बताया कि सामाजिक दबाव के कारण कई पुरुष अपनी परेशानी स्वीकार करने या मनोचिकित्सक से सलाह लेने से बचते हैं। मानसिक समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार जरूरी है। लंबे समय तक तनाव में रहने से स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने हृदय रोग, मोटापा, मधुमेह, फैटी लिवर और प्रोस्टेट संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग, प्राणायाम और पर्याप्त नींद को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। टेस्टोस्टेरोन हार्मोन की कमी होने पर भी जांच करानी चाहिए।
डॉ. पाराशर ने पुरुषों से जुड़े सामाजिक और कानूनी मुद्दों पर भी चर्चा की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि महिलाओं को घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के तहत विशेष कानूनी संरक्षण मिलता है, लेकिन पुरुषों के लिए ऐसा कोई विशेष कानून उपलब्ध नहीं है। इस विषय पर सामाजिक और कानूनी स्तर पर चर्चा होनी चाहिए।
