मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कामधेनु गोशाला समिति के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में सेंटर फॉर आयुर्वेद एंड पंचगव्य इनोवेशन एंड ट्रेडिशनल मेडिसिन सहित अन्य प्रकल्पों का डिजिटल माध्यम से शुभारंभ किया गया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह ब्रज भूमि है, जहां आते ही कान्हा की याद आती है। उन्होंने कहा कि गो संवर्धन से केवल गायों का नहीं, बल्कि पूरे देश का विकास होगा। छोटे किसानों को लाभ की खेती के लिए गोमाता का पालन करना चाहिए, जिससे खेती उन्नत होगी और गोमय उत्पादों से आर्थिक उन्नति तथा गांवों के विकास का मॉडल तैयार होगा। उन्होंने कहा कि यहां गायों के लिए सुपर फूड तैयार होगा। उन्होंने भीड़ से किसानों के बारे में पूछा और आर्थिक उन्नति, पर्यावरण संरक्षण के लिए गोपालन तथा गांवों को नशा मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यमुना के किनारे आकर उत्तराखंड के हरिपुर कालसी की याद आती है। उन्होंने गो विज्ञान अनुसंधान केंद्र को देश की अर्थव्यवस्था में सहयोगी बताया। केंद्रीय पंचायती राज राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि आयुर्वेद हमारी विरासत है और गोसंवर्धन केंद्र का रत्न है। कार्यक्रम में जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के वाइस प्रेसीडेंट चिन्मय पंडया और श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि के साथ गोपूजन किया गया।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्य, पशुपालन एवं दुग्धविकास मंत्री धर्मपाल सिंह तथा गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण भी मौजूद रहे। परखम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमुक्त किया गया, अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर विद्यार्थी छात्रावास का लोकार्पण हुआ। आयुर्वेद कालेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और कर्मचारी आवासीय परिसर का शिलान्यास भी किया गया।
