मेरठ में 54वीं मंडल स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी-26 का समापन शनिवार को देवनागरी इंटर कालेज, रेलवे रोड में हुआ। तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी का मुख्य विषय "सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं नवाचार" रहा। राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान उप्र प्रयागराज एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक संजय कुमार उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित प्रदर्शनी में मंडल के छह जिलों के 140 बाल वैज्ञानिकों व शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया और अपने मॉडल प्रस्तुत किए।

समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी बृजेश, मंडलीय पर्यवेक्षक विद्योत्तमा मिश्रा, रविंद्र कुमार व डा. युवराज शर्मा ने किया। निर्णायक डा. अशोक कुमार, डा. विजय कुमार व डा. रुचि गोयल ने प्रतिभागियों के मॉडलों की बारीकी से समीक्षा की और उन्हें मॉडल व प्रेजेंटेशन को और बेहतर बनाने के सुझाव भी दिए। प्रतिभागियों ने सात उप विषयों में प्रदर्शन किया।

निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद जूनियर वर्ग (स्थिर), जूनियर वर्ग (क्रियाकारी), सीनियर वर्ग (क्रियाकारी) तथा अध्यापक वर्ग—इन चारों श्रेणियों में प्रत्येक उप विषय से प्रथम स्थान पाने वाले कुल 28 प्रतिभागियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी के लिए किया गया। समारोह में चयनित प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

जूनियर वर्ग (स्थिर) में इंशा आरजी इंटर कालेज, विधि सिंह बिष्ट बलराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर, सुमबुल नगर पालिका बालिका इंटर कालेज चंदपुरी गाजियाबाद, नंदिनी सेंट जोसफ गर्ल्स इंटर कालेज सरधना, काव्य शर्मा राजकीय इंटर कालेज पूठखास, अल्फिया राजकीय कन्या इंटर कालेज किठौर और प्रियांशु जीएचएस लुहारली बुलंदशहर ने अलग-अलग उप विषयों में पहला स्थान पाया। जूनियर वर्ग (क्रियाकारी) में तनु (जीजीआइसी विजयनगर गाजियाबाद), वंश (जीआइसी पूठखास), कैफया (जीजीआइसी किठौर मेरठ), लवी (जीजीआइसी परीक्षितगढ़), आकांक्षी श्रीवास्तव (आर्य कन्या इंटर कालेज मेरठ), अनुष्का (जीजीआइसी किठौर) और फरदीन (राजकीय हाईस्कूल अजराड़ा) विजेता रहे।

सीनियर वर्ग (क्रियाकारी) में तनु पाल (जीजीआइसी विजयनगर गाजियाबाद), अनंत गर्ग (केडीबी पब्लिक स्कूल कविनगर गाजियाबाद), साक्षी गोस्वामी (आर्य कन्या पाठशाला हापुड़), खुशी (राजकीय इंटर कालेज जसौरा मेरठ), दीपाली (जीजीआईसी विजयनगर गाजियाबाद), विक्की (राजकीय इंटर कालेज ब्रह्मपुरी जानी) और निशिका (जीजीआइसी विजयनगर गाजियाबाद) ने पहला स्थान प्राप्त किया। अध्यापक वर्ग में शीतल देवल (जीएलएस कुंडा), प्रीति सिंह (राजकीय गर्ल्स धनवाली डाहर), अरविंद शर्मा (शंभूदयाल ग्लोबल स्कूल गाजियाबाद), सुमनलता वर्मा (जीएचएस पीपली खेड़ा), गरिमा त्यागी (राजकीय हाईस्कूल उलधन), किरण कुमारी (जीआइसी नानू) और रेणु सिंह (राजकीय कन्या इंटर कालेज किठौर) विजेता रहीं।