मेरठ के परतापुर क्षेत्र में दिल्ली-दून बाईपास स्थित श्रीराम सिंह ग्लोबल स्कूल में नाबालिग बच्चों के साथ कथित अश्लील हरकत और कुकर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। स्कूल के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज पर आरोप है कि उसने बच्चों को शौचालय में ले जाकर मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाए और उनके साथ आपत्तिजनक हरकत करते हुए कुकर्म का प्रयास किया। बच्चों ने विरोध किया तो उन्हें डराया-धमकाया गया। घटना से सहमे एक बच्चे ने दो दिन तक परिवार को कुछ नहीं बताया। शनिवार को मां के पूछने पर उसने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।

परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी होने के बावजूद वैन भेजकर बच्चों को बुलाया गया था। इस दौरान उन्होंने प्रधानाचार्य प्रीति, शिक्षिका सलोनी और स्कूल प्रबंधन के सामने पूरा मामला उठाया, लेकिन उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिजनों का दावा है कि स्कूल प्रशासन ने मामले को दबाने की कोशिश की। शनिवार सुबह जब परिवार के लोग दोबारा स्कूल पहुंचे और जवाब मांगा, तो प्रबंधन ने बातचीत से इनकार कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने स्कूल परिसर में धरना शुरू कर दिया।

मामले की जानकारी गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। कुंडा गांव के पार्षद प्रशांत कसाना, पुष्पेंद्र कसाना, निशांत बढ़ाना और ऋतिक कसाना समेत सैकड़ों लोगों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा स्कूल प्रशासन की भूमिका की जांच की मांग की। परिजनों ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी होने तक उनका धरना समाप्त नहीं होगा।

हंगामे और धरने की सूचना पर परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिया। थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।