पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में जवाहर नवोदय विद्यालय की चयन परीक्षा शनिवार को होगी। जिले में बनाए गए छह परीक्षा केंद्रों पर कुल 4022 परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
केंद्रवार संख्या की बात करें तो जिला स्कूल में 744, एमजेके बालिका इंटर कालेज में 983, मंगल सेमिनरी स्कूल में 662, गोपाल साह स्कूल में 864, मुजीब बालिका प्लस टू स्कूल में 455 और प्रभावती गुप्ता बालिका उच्च विद्यालय में 314 परीक्षार्थी शामिल होंगे। एमजेके बालिका इंटर कालेज में सबसे अधिक और प्रभावती गुप्ता बालिका उच्च विद्यालय में सबसे कम परीक्षार्थी हैं।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए संयुक्त आदेश जारी किया है। इसके तहत सभी छह केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। कदाचारमुक्त परीक्षा और केंद्रों की निगरानी के लिए शिक्षा विभाग के दो डीपीओ उमेश कुमार और ब्रजेश कुमार को उड़नदस्ता प्रभारी बनाया गया है, जिन्हें तीन-तीन केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के आदेश के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू रहेगी। उन्होंने परीक्षा के दौरान कदाचार रोकने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
