मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर पिता और उसकी दूसरी पत्नी पर 15 वर्षीय बेटी की जान लेने का प्रयास करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने पहले किशोरी का गला दबाकर मारने का प्रयास किया और फिर उसे जौली-अकबर रोड के पास गंगनहर में धक्का दे दिया। किशोरी नहर किनारे पेड़ की टूटी शाखा में अटक गई और शोर मचाया, जिसके बाद राहगीरों और पुलिस ने उसे सुरक्षित बचा लिया।
भोपा के गांव रुड़कली तालाब अली निवासी समीर उर्फ अबू सहमा ने भोपा थाने में मुकदमा दर्ज कराया कि उसके भाई फैसल की पहली पत्नी से 15 वर्षीय बेटी हीबा है। आरोप है कि फैसल और उसकी दूसरी पत्नी साया हसीन आए दिन हीबा के साथ मारपीट करते थे। कुछ दिनों से हीबा घर पर नहीं दिख रही थी। पूछने पर दंपती ने बताया कि उन्होंने उसकी शादी कर दी है, जिससे समीर को संदेह हुआ।
समीर के अनुसार, शुक्रवार को उसे जानकारी मिली कि फैसल और उसकी पत्नी हीबा को लेकर नंगला बुजुर्ग से आ रहे हैं। वह स्वजन के साथ गंगनहर की पटरी पर पहुंचा, जहां जौली-अकबर रोड के पास एक लड़की के मदद के लिए चीखने की आवाज सुनाई दी। दूसरी पटरी पर पहुंचने पर पुलिस और स्थानीय लोग किशोरी को नहर से बाहर निकाल रहे थे। बाहर निकालने पर पता चला कि वह उनकी भतीजी हीबा थी।
हीबा ने बताया कि उसके पिता और सौतेली मां ने पहले उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर मारने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों ने उसे जान से मारने की नीयत से गंगनहर में धक्का दे दिया और मौके से भाग गए। वह किसी तरह तैरकर किनारे पहुंची और पेड़ की टूटी शाखा पकड़कर मदद के लिए चिल्लाने लगी। भोपा सीओ राधा रमन सिंह ने बताया कि समीर की तहरीर पर हत्या के प्रयास और किशोर न्याय अधिनियम के तहत आरोपित पिता फैसल और उसकी पत्नी साया हसीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया है। पीड़िता को वन स्टाप सेंटर में रखा गया है और सोमवार को उसके बयान दर्ज कराकर सिपुर्दगी की कार्रवाई की जाएगी। दंपती का कहना है कि उनकी बेटी उनके कहने-सुनने में नहीं थी।
