रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) से पास होने वाले कैडेट्स देश की सुरक्षा ढाल हैं। उन्होंने कहा कि कैडेट्स की ताकत, अनुशासन और समर्पण देश की सीमाओं के साथ स्कूलों, अस्पतालों और दूसरे संस्थानों की भी रक्षा करेगा। सिंह शनिवार को होने वाली पासिंग आउट परेड से एक दिन पहले आयोजित डिनर कार्यक्रम में शामिल हुए और इस दौरान कैडेट्स के माता-पिता से भी मुलाकात की।
NDA के 151वें कोर्स में कुल 365 कैडेट्स ने ट्रेनिंग पूरी की, जिनमें 12 कैडेट्स मित्र देशों के हैं। पहली बार दो महिला कैडेट्स ने अपनी-अपनी स्ट्रीम में पहला स्थान हासिल किया है। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की गार्गी पालीवाल ने कंप्यूटर साइंस और दिव्या गोदारा ने आर्ट्स स्ट्रीम में टॉप किया। गार्गी को चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल तथा दिव्या को चीफ ऑफ द एयर स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल दिया जाएगा। साइंस स्ट्रीम में कैडेट आयुष कुमार ने पहला स्थान हासिल किया, जिन्हें चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल मिलेगा। BTech स्ट्रीम में कैडेट प्रशांत कुमार ने पहले से छठे टर्म तक मेरिट में पहला स्थान पाया और उन्हें CISC, मुख्यालय IDS ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल दिया जाएगा। NDA में 2022 में पहली बार महिला कैडेट्स को प्रवेश मिला था।
कार्यक्रम में सिंह ने कहा कि कैडेट्स को इस मुकाम तक पहुंचाने में माता-पिता का बड़ा योगदान है, जिन्होंने वर्षों तक अनुशासन, मार्गदर्शन और त्याग के जरिए बच्चों को सेना के लिए तैयार किया। उन्होंने कहा कि NDA ने सामान्य छात्रों को भविष्य के सैन्य अधिकारी बनाया है, जहां शारीरिक ताकत के साथ चरित्र, नेतृत्व क्षमता और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित की जाती है। उन्होंने कहा कि सेना में सेवा करना सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि एक बड़े परिवार का हिस्सा बनना है, जिसमें सैनिकों को ड्यूटी के लिए परिवार से दूर रहना पड़ता है और कई बार त्योहार भी नहीं मना पाते।
रक्षा मंत्री ने कहा कि सीमा पर तैनात सैनिक सिर्फ देश की रक्षा नहीं करते, बल्कि स्कूलों, अस्पतालों और फैक्ट्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों के परिवार भी उनके साथ बराबर का त्याग करते हैं और सम्मान के हकदार हैं। सिंह ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित और शक्तिशाली देश बनाने में युवा सैन्य अधिकारियों की अहम भूमिका होगी और उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे आगे भी अपने बच्चों के लिए प्रेरणा बने रहें। गार्गी ने बताया कि शुरुआत में पढ़ाई और फिजिकल ट्रेनिंग मुश्किल लगी, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने खुद को संभाल लिया और सफलता का श्रेय माता-पिता, सीनियर्स और इंस्ट्रक्टर्स को दिया। उनके बड़े भाई सेना में अधिकारी हैं और बहन आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC) से MBBS कर रही है।
