दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) पर पलवल के लाखों लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। फरीदाबाद से मथुरा-आगरा तक 1,123.56 करोड़ रुपये की लागत से तीन रेलवे ओवरब्रिज, चार फ्लाईओवर और चार व्हीकल अंडरपास बनाने की मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत जिले के मितरोल-औरंगाबाद और मुंडकटी में दो नए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों के साथ दिल्ली और अन्य क्षेत्रों से आगरा-मथुरा आवागमन करने वाले यात्री भी NH-19 का उपयोग करते हैं। इसे देखते हुए मितरोल-औरंगाबाद और मुंडकटी में लंबे समय से फ्लाईओवर की मांग उठ रही थी। फरवरी 2024 में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने औरंगाबाद में लगभग 60 करोड़ रुपये और मुंडकटी में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फ्लाईओवरों का शिलान्यास किया था। दो वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू न होने पर ग्रामीणों में रोष था और उन्होंने प्रदर्शन कर जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा था।
करीब 12 साल पहले NH-19 को चार से छह लेन का बनाया गया था, लेकिन मीतरोल-औरंगाबाद और मुंडकटी की घनी आबादी के पास फ्लाईओवर की सुविधा नहीं मिल सकी थी। कुछ समय पहले सुरक्षा कारणों से इन दोनों स्थानों पर डिवाइडर के कट भी बंद कर दिए गए थे, जिससे लोगों को परेशानी बढ़ गई और उन्हें राजमार्ग की रेलिंग फांदकर सड़क पार करनी पड़ती है। फ्लाईओवर न होने से मुंडकटी, मीतरोल, औरंगाबाद, गोपालगढ़ और श्रीनगर सहित आसपास के गांवों की करीब एक लाख आबादी प्रभावित हो रही है। मीतरोल गांव की स्थिति सबसे संवेदनशील है, क्योंकि गांव की आधी आबादी, खेत-खलिहान और श्मशान घाट सड़क के दूसरी ओर स्थित हैं।
परियोजना अधिकारी, एनएचएआई धीरज कुमार के अनुसार, मीतरोल-औरंगाबाद और मुंडकटी में जल्द ही नए फ्लाईओवरों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और उम्मीद है कि धरातल पर काम जल्द प्रारंभ होगा, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
