उत्तराखंड में बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं, लेकिन राजकीय इंटर कॉलेजों में गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के पद रिक्त चल रहे हैं। प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित और जीव विज्ञान में कुल 1494 प्रवक्ता पद खाली बताए जा रहे हैं। इसका असर परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों पर पड़ रहा है, जिनके सामने पाठ्यक्रम पूरा करने और परीक्षा से पहले पर्याप्त पुनरावृत्ति की चुनौती है।

प्रदेश के 1385 राजकीय इंटर कॉलेजों में इन चार प्रमुख विषयों के कुल 4745 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 2896 पदों पर ही प्रवक्ता कार्यरत हैं। इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा में 99,245 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। शिक्षकों की कमी का असर विशेष रूप से पर्वतीय और अति दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में अधिक है, जहां विद्यार्थियों के पास स्कूल के अलावा पढ़ाई के दूसरे विकल्प भी सीमित हैं। प्रदेश में प्रवक्ता के 22 विषयों में 12 हजार से अधिक पद स्वीकृत हैं, जिनमें कुल 4299 पद रिक्त बताए जा रहे हैं।

रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की तैनाती का विकल्प अपनाया जा रहा है, लेकिन कम मानदेय और विद्यालयों की दूरस्थ स्थिति के कारण पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराना चुनौती बना हुआ है। कई अतिथि शिक्षक घर से अधिक दूरी पर स्थित विद्यालयों में जाने के इच्छुक नहीं होते, जिससे रिक्त पदों वाले विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी के अनुसार, जिन विद्यालयों में कठिन विषयों के प्रवक्ता पद रिक्त हैं, वहां अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था करने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। एससीईआरटी के स्तर पर आनलाइन कोचिंग शुरू करने के संबंध में भी जल्द चर्चा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्षों में तत्कालीन शिक्षा महानिदेशक झरना कमठान ने एससीईआरटी के माध्यम से बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए आनलाइन कोचिंग की व्यवस्था की थी और जिला स्तर पर मुख्य शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में शिक्षकों की टीम बनाकर प्रश्न बैंक तैयार किए गए थे।