सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की वैधता अवधि में बदलाव को लेकर 13 नवंबर को अधिसूचना जारी की है। नए नियम राजपत्र में प्रकाशित होते ही लागू हो गए हैं। इनमें निजी और व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग-अलग वैधता अवधि तय की गई है।
निजी वाहनों के लिए नई व्यवस्था के तहत 6 साल तक पुरानी BS-VI गाड़ियों का PUC सर्टिफिकेट 3 साल तक वैध रहेगा। वहीं, 6 साल से ज्यादा और 10 साल तक पुरानी गाड़ियों को हर साल सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।
पुराने BS मानकों वाले वाहनों के लिए BS-I, BS-II और BS-III मानक वाले वाहनों के PUC सर्टिफिकेट की वैधता 3 महीने रहेगी, जबकि BS-IV वाहनों के लिए यह अवधि 6 महीने तय की गई है।
नए नियमों में रिन्यू किए गए सर्टिफिकेट की प्रभावी तारीख भी स्पष्ट की गई है। मौजूदा सर्टिफिकेट की एक्सपायरी से 10 दिन पहले के भीतर रिन्यूअल कराने पर नया सर्टिफिकेट पुराने सर्टिफिकेट की एक्सपायरी की तारीख से प्रभावी होगा, जबकि एक्सपायरी के बाद रिन्यूअल कराने पर नया सर्टिफिकेट रिन्यूअल की तारीख से लागू होगा। नए नियम लागू होने से पहले जारी सर्टिफिकेट पर संशोधित वैधता अवधि पहली बार रिन्यू कराए जाने के बाद लागू होगी।
