हमीरपुर में यातायात माह के दौरान शहर की सड़कों पर दो पुलिसकर्मी बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखाई दिए। इससे यातायात नियमों के पालन और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आम नागरिकों का कहना है कि नियम सभी के लिए समान होने चाहिए।

जिले में यातायात माह नवंबर की शुरुआत दो नवंबर को पुलिस परेड ग्राउंड में जिलाधिकारी अशोक कुमार और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने संयुक्त रूप से की थी। इस दौरान अधिकारियों ने सभी को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे। यातायात पुलिस ने अभियान के तहत बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की।

इसके बावजूद शहर की सड़कों पर खाकी वर्दी पहने दो पुलिसकर्मी बिना हेलमेट बाइक चलाते नजर आए। हैरानी की बात यह है कि आम नागरिक बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखने पर यातायात पुलिस तत्काल उसे रोककर चालान करती है और नियमों का पालन करने की हिदायत देती है, लेकिन वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कौन करेगा।

पुलिसकर्मियों की इस लापरवाही को लेकर आम लोगों के बीच चर्चाएं हो रही हैं। ऐसे में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आम लोगों का कहना है कि यातायात नियम सभी के लिए समान होने चाहिए और नियमों का पालन कराने वालों को भी खुद इसका उदाहरण पेश करना चाहिए।