कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को दिल्ली में 2025 के इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार समारोह में मोजाम्बिक की मानवाधिकार कार्यकर्ता और समाजसेवी ग्रासा माशेल को यह पुरस्कार प्रदान किया। यह समारोह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के मौके पर आयोजित किया गया था। इस अवसर पर सोनिया गांधी ने कहा कि देश की असली ताकत उसके लोग होते हैं।
सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी का मानना था कि शांति, आजादी और विकास एक-दूसरे से जुड़े हैं और इनका फायदा गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रासा माशेल का जीवन और काम इंदिरा गांधी के विचारों को दिखाता है। माशेल ने मोजाम्बिक की आजादी की लड़ाई से लेकर महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के लिए काम किया है।
सोनिया गांधी ने कहा कि शांति का मतलब सिर्फ संघर्ष या लड़ाई का खत्म होना नहीं है। इससे प्रभावित समुदायों को दोबारा अपना जीवन खड़ा करने और भविष्य की ओर बढ़ने का मौका भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रासा माशेल के काम के नतीजे आज भी मानवीय सहायता से जुड़े अभियानों के लिए मार्गदर्शक हैं।
सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी और ग्रासा माशेल दोनों मानती थीं कि लोग अपना भविष्य खुद तय करने की ताकत रखते हैं। उनके जीवन से सीख मिलती है कि नेतृत्व का मतलब अन्याय को चुनौती देने का साहस और बदलाव लाने की प्रतिबद्धता है। इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से सोनिया ने माशेल को बधाई दी और उनके काम के लिए आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि माशेल का उदाहरण ऐसी दुनिया बनाने के लिए प्रेरित करेगा, जहां हर बच्चा, हर महिला और हर समुदाय सम्मान, अवसर और उम्मीद के साथ जी सके।
