प्यू रिसर्च सेंटर की एक नई रिपोर्ट में वैश्विक और भारतीय जनसंख्या के धार्मिक आधार पर बढ़ने को लेकर अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2070 तक भारत हिंदू बहुसंख्यक देश बना रहेगा, लेकिन जनसंख्या में हिंदुओं का प्रतिशत घटेगा और मुस्लिमों का हिस्सा बढ़ेगा। रिपोर्ट में 2020 को आधार वर्ष माना गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2020 में देश में मुस्लिमों की अनुमानित आबादी करीब 21.3 करोड़ थी, जो 2070 तक बढ़कर करीब 34.4 करोड़ हो सकती है। इसके साथ ही भारत दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा। रिपोर्ट में अनुमान है कि उस समय पाकिस्तान में 46.1 करोड़ से अधिक मुस्लिम आबादी होगी। फिलहाल मुस्लिम आबादी के मामले में इंडोनेशिया पहले और पाकिस्तान दूसरे नंबर पर है, जबकि भारत तीसरे स्थान पर है।
बीबीसी से बात करते हुए प्यू रिसर्च सेंटर की स्टेफनी क्रेमर ने बताया कि दुनिया में मुस्लिम युवा आबादी की प्रजनन दर अधिक है, इसलिए आने वाले समय में इनकी जनसंख्या तेजी से बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में यह दर कम हुई है, लेकिन अन्य धर्मों की तुलना में अब भी अधिक है। भारत के बारे में उन्होंने कहा कि हिंदुओं की प्रजनन दर पहले ही रिप्लेसमेंट लेवल से नीचे आ चुकी है, जिससे जनसंख्या वृद्धि धीमी रहेगी, जबकि मुस्लिमों की प्रजनन दर अगले दो दशक तक रिप्लेसमेंट लेवल से ऊपर बनी रहेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 में भारत की आबादी में हिंदुओं का हिस्सा करीब 79.4 प्रतिशत था, जो 2070 में घटकर 75.8 प्रतिशत रह सकता है। वहीं मुस्लिमों का प्रतिशत 2020 के 15.2 प्रतिशत से बढ़कर 2070 में 19.6 प्रतिशत होने की संभावना है। बाकी धर्मों का प्रतिशत घटने का अनुमान है, केवल ईसाइयों की आबादी 2.2 प्रतिशत पर बने रहने की संभावना जताई गई है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली धार्मिक आबादी मुस्लिमों की है और आने वाले नौ सालों में इस्लाम दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला धर्म बन जाएगा।
