नई दिल्ली: निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन से आसपास के बाजारों और मॉल तक आसान पहुंच के लिए विकास मार्ग पर 240 मीटर लंबा स्काईवॉक बनाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार यह पूर्वी दिल्ली का पहला स्काईवॉक होगा और आईटीओ तथा बेनितो जुआरेज मार्ग के स्काईवॉक के बाद दिल्ली का तीसरा सबसे बड़ा स्काईवॉक होगा।

यह चार-आर्म स्काईवॉक होगा, जिसके हर आर्म की लंबाई करीब 60 मीटर रहेगी। जमीन से इसकी ऊंचाई करीब 5.5 से 6 मीटर होगी। हर आर्म का कॉरिडोर 3 मीटर चौड़ा और सीढ़ियों की चौड़ाई 2 मीटर रखी जाएगी, जबकि लिफ्ट की ऊंचाई 12 मीटर तक होगी। स्काईवॉक का डिजाइन फाइनल हो चुका है और अगले एक या डेढ़ महीने में निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।

अधिकारियों के मुताबिक मेट्रो स्टेशन के पास विकास मार्ग और पटपड़गंज रोड का चौराहा है। सड़कों के एक तरफ मॉल और दूसरी तरफ लक्ष्मी नगर मार्केट है, जबकि प्रीत विहार का कमर्शियल एरिया भी पास ही है। ऐसे में स्टेशन से उतरकर इन जगहों तक जाने के लिए चौराहे पर पैदल सड़क पार करना मुश्किल होता है, इसलिए चौराहे के आसपास ही स्काईवॉक बनाया जाएगा।

स्काईवॉक से जाम में भी राहत मिलने की उम्मीद है। पीक आवर्स में पैदल सड़क पार करने वालों की वजह से गाड़ियों की गति धीमी हो जाती है और कई बार लंबा जाम लग जाता है। बता दें कि आईटीओ डब्ल्यू पॉइंट पर बने मेन स्काईवॉक की लंबाई 485 मीटर और चौड़ाई 5 मीटर है, जबकि बेनितो जुआरेज मार्ग पर बना स्काईवॉक करीब 600 मीटर लंबा है।