हाजीपुर। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय इन दिनों अपने गृह जिले वैशाली में लोगों से मिलने के लिए एक अलग तरह का अभियान चला रहे हैं। वे हाथ में अक्षत (चावल) लेकर गांव-गांव जा रहे हैं और लोगों के घर पहुंचकर उनके हाथ में अक्षत देकर उन्हें आमंत्रित कर रहे हैं। इस अभियान के पीछे की वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार दौरा है। पीएम मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले के राजापाकड़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। इस सभा को सफल बनाने और इसमें आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नित्यानंद राय ने यह पारंपरिक निमंत्रण अभियान शुरू किया है।

अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री खुद गांवों में जाकर लोगों से मिल रहे हैं और उनके हाथ में अक्षत देकर प्रधानमंत्री की सभा में शामिल होने का विनम्र अनुरोध कर रहे हैं। उन्होंने अक्षत देकर न्योता देने के पीछे की सनातन परंपरा और उसके महत्व को भी समझाया। उनके मुताबिक, भारतीय परंपरा में अक्षत सिर्फ चावल का दाना नहीं, बल्कि श्रद्धा, सम्मान, शुभता और मंगलकामना का प्रतीक है। अक्षत देकर किसी को आमंत्रित करने का अर्थ उसे सम्मानपूर्वक शुभ अवसर का सहभागी बनने का आग्रह करना है। घर-घर अक्षत लेकर पहुंचना आपसी सामाजिक आत्मीयता को भी दिखाता है।

अभियान के दौरान नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैशाली आगमन पूरे बिहार के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में बिहार विकास, औद्योगिक प्रगति, आधारभूत संरचना, रोजगार और निवेश के नए अवसरों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि बिहार देश के विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा हो।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि वैशाली सहित आसपास के अन्य जिलों के प्रत्येक घर तक यह आमंत्रण पहुंचे, ताकि लोग पूरे उत्साह के साथ प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए उपस्थित हों। उन्होंने इसे बिहार के गौरव और 'विकसित भारत' के संकल्प में सहभागी बनने का निमंत्रण बताया।