नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) तीन नए मेट्रो रूट के 15 स्टेशनों का डिजाइन बदलने जा रहा है। इन स्टेशनों को चार मंजिला बनाया जाएगा, जिसमें दो मंजिलों पर व्यावसायिक परिसर विकसित किए जाएंगे। इससे यात्रियों को मेट्रो में सफर के साथ खरीदारी की सुविधा भी मिलेगी।

यह योजना ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी, बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति तक प्रस्तावित मेट्रो मार्गों पर लागू होगी। स्टेशनों की लंबाई 140 मीटर और चौड़ाई 30 मीटर रखी जाएगी। मौजूदा डिजाइन में दो मंजिलें जोड़ने के बाद स्टेशन चार मंजिला हो जाएंगे, जबकि लंबाई और चौड़ाई पहले जैसी ही रहेगी।

स्टेशनों का निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर कराया जाएगा। प्रत्येक स्टेशन पर करीब 45 से 50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जो राशि चयनित निजी कंपनी लगाएगी। इसके बदले कंपनी को 30 साल के लिए शॉपिंग परिसर लीज पर दिया जाएगा। कंपनी को इसे आगे सब-लीज करने का अधिकार भी मिल सकता है, साथ ही 30 साल के लिए को-ब्रांडिंग का विकल्प भी रखा गया है।

योजना के व्यावसायिक मॉडल और निवेश को लेकर एनएमआरसी ने एक हजार करोड़ रुपये से अधिक सालाना टर्नओवर वाली 60 कंपनियों को एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट के जरिए आमंत्रित किया है और उनसे सुझाव लिए हैं। एनएमआरसी ने इस योजना के लिए बेंगलुरु के मॉडल से प्रेरणा ली है, जहां इनफोसिस ने मेट्रो प्रबंधन को 100 करोड़ रुपये देकर स्टेशन बनवाया था और स्टेशन को कंपनी के परिसर से स्काईवॉक के जरिये जोड़ा गया था। इसी तर्ज पर नोएडा में भी मेट्रो स्टेशनों के साथ व्यावसायिक सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है, जिससे यात्रियों को खरीदारी की सुविधा मिलेगी और एनएमआरसी की आय का नया स्रोत भी बनेगा।