नोएडा के शाहपुर गांव में एक पीजी संचालक और उसके बेटे को बिना सी-फार्म भरवाए मलेशिया और इंडोनेशिया के नागरिकों को ठहराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सेक्टर 126 थाना पुलिस ने शनिवार को दोनों के खिलाफ कार्रवाई की और चालान कर उन्हें कोर्ट के सामने पेश कर दिया।
शाहपुर गांव निवासी ब्रह्म प्रकाश चौहान अपने बेटे दीपांशु चौहान के साथ 60 कमरों का छह मंजिला पीजी चलाते हैं। पुलिस के अनुसार, करीब चार माह पहले यह पीजी छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी सुनील कुमार विश्वकर्मा और बुलंदशहर के सुशील भाटी को लीज पर दिया गया था। एग्रीमेंट सेक्टर 136 की एसकेवी कंपनी प्रबंधन के नाम पर हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों कॉल सेंटर और पीजी दोनों की जिम्मेदारी संभालते थे। फिलहाल पुलिस दोनों को पकड़ नहीं पाई है और सुनील के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हो चुका है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीजी लीज पर देने के एवज में संचालक पिता-बेटे को करीब डेढ़ करोड़ रुपये मिले थे। विदेशी नागरिकों को बिना पुलिस को सूचना दिए रखवाया गया था। पुलिस यह पता लगा रही है कि पीजी में विदेशी नागरिकों के ठहरने की जानकारी संचालकों को किस स्तर तक थी और उनके पुलिस सत्यापन व संबंधित विभागों को सूचना देने की प्रक्रिया में लापरवाही क्यों बरती गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच कर रही है।
गौरतलब है कि सी-फार्म एक कानूनी दस्तावेज होता है, जिसका इस्तेमाल भारत में मुख्य रूप से होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों की जानकारी पुलिस और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) को देने के लिए किया जाता है।
