पासवर्ड मैनेजमेंट कंपनी नॉर्डपास की एक नई स्टडी के अनुसार, भारत में लोग अब भी पासवर्ड के तौर पर 123456 जैसे आसान नंबर कॉम्बिनेशन का सबसे ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। यह स्टडी नॉर्डपास ने नॉर्डलेयर इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के साथ मिलकर की है, जिसमें सितंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच हुए डेटा लीक और डार्क वेब पर सामने आए पासवर्ड्स की जांच की गई। रिसर्च में यह भी सामने आया है कि अलग-अलग पीढ़ियों के लोग अपने पसंदीदा म्यूजिक, फिल्मों, वीडियो गेम और इंटरनेट ट्रेंड्स से ऐसे पासवर्ड बनाते हैं, जिन्हें वे आसानी से याद रख सकें। मेटालिका जैसी पुरानी चीजों से लेकर स्किबिडी टॉयलेट जैसे नए ट्रेंड्स तक, नतीजे बताते हैं कि लोकप्रिय संस्कृति लोगों के पासवर्ड चुनने का जरिया बनती जा रही है, जिससे इनका अंदाजा लगाना आसान हो जाता है। स्टडी में भारत और 44 अन्य देशों में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले पासवर्ड का एनालिसिस किया गया।

स्टडी के मुताबिक, भारत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड अभी भी 123456 है। इसके बाद 12345678 और admin का नंबर आता है। देश के टॉप 20 पासवर्ड की लिस्ट में आसान नंबरों और रोजमर्रा के आम शब्दों से बने पासवर्ड ही शामिल हैं, जिनमें 1234, 12345, 123456789, password और 1234567890 के अलावा Admin@123, Welcome@123, admin@123 और India@123 जैसे पासवर्ड भी हैं। इनका बार-बार इस्तेमाल यह बताता है कि किसी जाने-पहचाने शब्द के साथ कोई संख्या या स्पेशल कैरेक्टर जोड़ने से पासवर्ड का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाए, ऐसा जरूरी नहीं है।

ग्लोबल स्तर पर भी 123456 अभी टॉप पर बना हुआ है। admin पासवर्ड दूसरे नंबर पर है और तीसरे स्थान पर 12345678 है। नॉर्डपास ने बताया कि पिछले साल की लिस्ट के मुकाबले टॉप चार पासवर्ड में कोई बदलाव नहीं हुआ है। स्टडी में यह भी पाया गया कि पासवर्ड में स्पेशल कैरेक्टर के इस्तेमाल में वृद्धि हुई है। इस साल की ग्लोबल सूची में 39 पासवर्ड में स्पेशल कैरेक्टर शामिल थे, जबकि पहले ऐसे 32 पासवर्ड थे।